भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर दिन हो रहा भ्रष्टाचार: गणेश गोदियाल
भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर दिन हो रहा भ्रष्टाचार: गणेश गोदियाल
सिंचाई विभाग में 2600 करोड़ के टेंडर, 210 करोड़ की संपत्ति और सहकारिता विभाग की भर्तियों को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
श्रीनगर (गढ़वाल)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपने पूरे कार्यकाल के प्रत्येक दिन का उपयोग भ्रष्टाचार के लिए कर रही है। उन्होंने प्रदेश मंत्रिमंडल की तुलना ‘अलीबाबा और चालीस चोर’ से करते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सैकड़ों करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हो रहा है और भ्रष्टाचार से अर्जित धन नेपाल तथा दुबई में निवेश किया जा रहा है।
श्रीनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में गणेश गोदियाल ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े पारिवारिक विवाद का उल्लेख करते हुए 210 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई है। गोदियाल ने कहा कि जब एक मंत्री को लेकर इस तरह के आरोप सार्वजनिक हो रहे हैं तो सरकार के अन्य मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने सिंचाई विभाग में करीब 2600 करोड़ रुपये के टेंडर जारी करने की तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए। गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार का कार्यकाल समाप्त होने में लगभग एक माह शेष रहते विभाग में स्वीकृति की प्रत्याशा में बड़े पैमाने पर टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में उन्होंने सिंचाई विभाग के एचओडी से बातचीत करने की बात भी कही। उनके अनुसार हरिद्वार की ड्रेनेज योजना, देहरादून की बाढ़ सुरक्षा योजना और चमोली जनपद से संबंधित योजनाओं के टेंडर प्रस्तावित हैं।
गोदियाल ने कहा कि नियमानुसार किसी भी योजना का टेंडर जारी करने से पहले शासन की स्वीकृति, योजना का विधिवत निर्धारण और एस्टीमेट तैयार होना जरूरी है। इसके बावजूद बिना विधिवत स्वीकृति के टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने इसमें मंत्रिपरिषद के कुछ लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए इसे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका से जोड़कर देखा।
रोजगार के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के युवाओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। रोजगार की तलाश में युवा भटक रहे हैं, जबकि सरकार पर अपने चहेतों को नौकरियां देने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों में नियुक्तियों को लेकर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि एक-एक पद के लिए 20-20 लाख रुपये तक लेने के आरोप सामने आए हैं।
उन्होंने सहकारिता विभाग में 1200 पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि इन नियुक्तियों में कितने पदों पर विधायकों के करीबियों और चहेतों को नौकरी दी गई। इसके साथ ही उन्होंने पांच वर्षों की विधायक निधि के उपयोग को लेकर भी सरकार को घेरा। गोदियाल ने कहा कि अब महिला मंगल दलों को ढोलक और चिमटे बांटकर महिलाओं को संतुष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
अंत में गोदियाल ने दावा किया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होगा और जनता भाजपा सरकार से उसके कार्यकाल का हिसाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
नोट: सभी भ्रष्टाचार, संपत्ति और भर्ती संबंधी आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर आधारित हैं।
