बुजुर्ग गौरव सैनिकों को सैनिक सम्मेलन में किया जाएगा सम्मानित, सीएसडी कैंटीन और पेंशन संबंधी समस्याओं पर भी होगी चर्चा
गौचर (चमोली)। रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन गौचर की बैठक सोमवार, 2 नवंबर 2026 को संगठन के अध्यक्ष बीरपाल सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी मेले एवं सैनिक सम्मेलन से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन की सदस्यता ग्रहण करने वाले नए सदस्यों के नाम भी संगठन के समक्ष रखे गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग गौरव सैनिकों को आगामी सैनिक सम्मेलन के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित सैन्य अधिकारियों एवं विभागों को सम्मानित किए जाने वाले बुजुर्ग सैनिकों के नाम उपलब्ध करा दिए गए हैं।
बैठक में पूर्व सैनिकों की सीएसडी कैंटीन से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि सैनिक सम्मेलन के दिन संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों को आ रही परेशानियों का समाधान हो सके। इसके अलावा मेले में गौरव सैनिक संगठन की ओर से एक स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां पूर्व सैनिक आपस में विचार-विमर्श करने के साथ अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा कर सकेंगे।
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) गौचर के शाखा प्रबंधक भी शामिल हुए। उन्होंने बुजुर्ग गौरव सैनिकों से उनकी पेंशन से संबंधित समस्याओं एवं बैंकिंग विषयों पर चर्चा की और उनकी समस्याओं को समझा।
बैठक में कैप्टन प्रेमपाल सिंह, कैप्टन सुरेंद्र सिंह कनवासी, सूबेदार उमराव सिंह, सूबेदार शिशुपाल सिंह, दिलवर सिंह, मातबर सिंह कनवासी, गोविंद सिंह, भरत सिंह नेगी, लेफ्टिनेंट बीरेंद्र सिंह नेगी, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, रणजीत सिंह भंडारी, संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती शिवीदेई, रमेश सिंह चौधरी, रमेश डिमरी, राजेंद्र सिंह चौधरी, महेंद्र सिंह राणा, महाबीर सिंह, महेंद्र सिंह, कल्याण सिंह, पुष्कर सिंह, सुखबीर सिंह, रणजीत सिंह, विक्रम सिंह, नरेंद्र सिंह और नायक गोविंद सिंह सहित अन्य गौरव सैनिक उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अध्यक्ष बीरपाल सिंह नेगी ने सभी पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता और सैनिकों के हितों से जुड़े विषयों पर मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।