कालिंदी ट्रैक पर 18 ट्रैकर फंसे, प्रशासन अलर्ट, मौसम साफ होने पर होगा रेस्क्यू
: कालिंदी ट्रैक पर 18 ट्रैकर फंसे
:
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में लगातार बारिश और बर्फबारी के बीच कालिंदी ट्रैक पर 18 ट्रैकरों के फंसे होने की सूचना से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हालांकि जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी ट्रैकरों के बेस कैंप में सुरक्षित होने की पुष्टि की है। मौसम साफ होते ही हेलीकॉप्टर से रेकी कर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।
सितंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तरकाशी में मौसम ने अचानक करवट बदली है। पिछले करीब 36 घंटे से जिले के निचले इलाकों में बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसी बीच कालिंदी ट्रैक पर 18 ट्रैकरों के फंसे होने की सूचना सामने आई। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि सभी ट्रैकर बेस कैंप में सुरक्षित हैं और उनसे संपर्क बना हुआ है।
प्रशासन के मुताबिक वन विभाग ने शनिवार को सैटेलाइट फोन के जरिए ट्रैकरों को मौसम संबंधी अलर्ट की जानकारी दी थी। रविवार देर शाम डीएम प्रशांत आर्य ने स्मार्ट कंट्रोल रूम में अधिकारियों के साथ बैठक कर रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
ट्रैकरों को सुरक्षित निकालने के लिए आईटीबीपी, निम, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीम तैयार की गई है। मौसम अनुकूल रहने पर सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम कालिंदी ट्रैक के लिए रवाना होगी। वहीं मौसम साफ होने पर हेलीकॉप्टर से भी हवाई रेकी की जाएगी।
करीब 5,950 मीटर यानी लगभग 19,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित कालिंदी ट्रैक बेहद कठिन ग्लेशियर मार्ग है। यहां अचानक बर्फबारी, तेज हवाएं, कम दृश्यता और ऑक्सीजन की कमी रेस्क्यू अभियान को चुनौतीपूर्ण बनाती है। सामान्य मौसम में भी ट्रैक से नीचे आने में तीन से चार दिन लगते हैं। ऐसे में प्रशासन ने मौसम अनुकूल होने तक ट्रैकरों को बेस कैंप में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
चारधाम ट्रैकिंग पर रोक
लगातार खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगोत्री क्षेत्र समेत ऊंचाई वाले ट्रैक पर ट्रैकिंग गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा रखी है। ट्रैकिंग एजेंसियों को नए दलों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नहीं भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार मौसम और ट्रैकरों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी 18 ट्रैकरों को सुरक्षित रखना है। मौसम साफ होने के बाद हवाई रेकी और जमीनी रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
