September 25, 2026

गौचर में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन, सात वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित

गौचर। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला सम्मेलन गौचर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में जनपद के सात वरिष्ठ पत्रकारों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने गौचर में प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से 30 से अधिक पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए महावीर रावत को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई।

संगठन में पीपलकोटी से भुवन शाह, कर्णप्रयाग से भानू प्रकाश नेगी, पोखरी से राजेंद्र असवाल, गैरसैंण से दिलबर बिष्ट, नारायणबगड़ से जयवीर मनराल, थराली से गिरीश चंदोला, गोपेश्वर से सुरेंद्र सिंह गढ़िया और सीमा चमोली को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

मुख्य अतिथि विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि पत्रकार समाज के प्रहरी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि गौचर में प्रेस क्लब के लिए लंबे समय से भवन की मांग की जा रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी वार्ता की जाएगी।

गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने कहा कि पत्रकारों के कार्यालय के लिए एसडीएम के सहयोग से भूमि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पत्रकारों के बैठने के लिए कक्ष की व्यवस्था भी की जाएगी।

राष्ट्रीय महासचिव गिरधर शर्मा ने संघ की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ समाज के सभी वर्गों के हितों के साथ-साथ पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्षरत है।

उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि पत्रकार चौथे स्तंभ के रूप में सरकार और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने भी गौचर में प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में जिलाधिकारी से वार्ता करने की बात कही।

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण रावत ने पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। जिलाध्यक्ष दिग्पाल गुसाईं ने सभी अतिथियों और पत्रकारों का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन अर्जुन नेगी ने किया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान महावीर रावत, पूजा बरमोला, मदखोला की ग्राम प्रधान सुमेदा बिष्ट, खरसाईं की प्रधान शिवानी चौधरी, जयवीर मनराल, सुरेंद्र धपोला, भुवन शाह, संतोष कुंवर, संजय कंडारी, सुभाष पिमोली, लक्ष्मी कुमेड़ी, महेशानंद जुयाल, पूर्व प्रधानाचार्य जगदीश कनवासी, अनिल नेगी, राजेंद्र नेगी, रघुबीर बिष्ट, सुनील पंवार, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, विपुल रावत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!