September 19, 2026

पूर्व सैनिकों की पहल से 180 युवाओं को मिली सेना व सरकारी सेवाओं में सफलता

पूर्व सैनिकों की पहल से 180 युवाओं को मिली सेना व सरकारी सेवाओं में सफलता

पोखरी (चमोली)। विकासखंड पोखरी स्थित सैनिक मिलन केंद्र में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, चमोली कर्नल (सेवानिवृत्त) बालम सिंह की अध्यक्षता में पूर्व सैनिकों की आम बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) आरएस बर्त्वाल तथा ब्लॉक प्रतिनिधि सूबेदार (सेवानिवृत्त) दिलवर सिंह सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए कर्नल (सेवानिवृत्त) बालम सिंह ने सैनिक मिलन केंद्र की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पूर्व सैनिकों के आपसी सहयोग तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से तैयार हुआ है। उन्होंने इसे पूर्व सैनिकों की सामूहिक पहल का अनुकरणीय उदाहरण बताया।

उन्होंने बताया कि सैनिक मिलन केंद्र के प्रथम तल पर गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को न्यूनतम शुल्क पर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग दी जा रही है। इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

इस दौरान ऑनरेरी कैप्टेन (सेवानिवृत्त) रमेश सिंह बर्त्वाल ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी को जानकारी दी कि इस कोचिंग केंद्र के माध्यम से अब तक करीब 180 बच्चों का चयन भारतीय सेना, अर्द्धसैनिक बलों तथा सिविल सेवाओं में ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के पदों पर हो चुका है। उन्होंने ने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन डी एस बर्त्वाल के दिशा निर्देशानुसार व मार्गदर्शन में इस सैनिक मिलन केन्द्र की सभी गतिविधियो को संचालित किया जाता है।

उन्होंने इस अभियान को संचालित करने वाले पूर्व सैनिकों के प्रयासों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर सम्मानित किए जाने की अनुशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की यह पहल युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

ऑनरेरी कैप्टेन (सेवानिवृत्त) रमेश सिंह बर्त्वाल ने सैनिक मिलन केंद्र के निर्माण में पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा पूर्व अध्यक्ष सैनिक कल्याण पोखरी कैप्टेन (सेवानिवृत्त) नंदन सिंह पंवार के विशेष सहयोग और प्रयासों की भी जानकारी दी।

बैठक में पूर्व सैनिकों ने क्षेत्र में सैनिक कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं सैन्य भर्ती के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!