बड़ी जात की तैयारियों को लेकर कुरुड़ में बृहद बैठक



कुरुड़/नंदानगर। माँ नंदादेवी सिद्धपीठ कुरुड़ के प्रांगण में आगामी 12 वर्षीय नंदादेवी बड़ी जात/राजजात 2026 की तैयारियों को लेकर बृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों और विभिन्न डोलियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट, नंदानगर प्रमुख हीमा देवी, बड़ी जात आयोजन समिति अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, बधाण डोली अध्यक्ष नरेश गौड़, दसोली डोली अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, बंड डोली अध्यक्ष अशोक गौड़ और जिला पंचायत सदस्य पिलग वार्ड विपिन फर्स्वाण सहित लाता भगवती, दशम द्वार समिति तथा थराली, देवाल, लाता, फर्श्वाणफाट, सुतोल, सोल घाटी और नंदाक पट्टी समेत 484 गांवों से पहुंचे प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में 5 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित ऐतिहासिक धार्मिक पैदल यात्रा के विभिन्न पड़ावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यात्रा मार्ग, श्रद्धालुओं के आवास, भोजन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के दौरान माँ नंदादेवी के प्रांगण से बड़ी जात/राजजात यात्रा के आयोजन का बिगुल बजाने की घोषणा की गई। यात्रा को लेकर पिछले कुछ समय से यात्रियों के बीच बनी असमंजस की स्थिति को भी दूर करते हुए स्पष्ट किया गया कि यात्रा पूर्व निर्धारित पंचांग गणना के अनुसार ही संपन्न होगी।
विधायक भूपाल राम टम्टा और जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने यात्रा के विभिन्न पड़ावों की जिम्मेदारी लेते हुए श्रद्धालुओं को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
