गोपेश्वर में बेकाबू ट्रक ने ली पूर्व नेवी कर्मी की जान, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल


बैरिकेड तोड़कर भाग रहे ट्रक ने लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर बाइक को मारी टक्कर, चालक गिरफ्तार; स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
चमोली, संवाददाता।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पूर्व नेवी कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए खनन सामग्री ढोने वाले बेलगाम ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी (पुत्र कलम सिंह), निवासी नियर लॉ कॉलेज, गोपेश्वर के रूप में हुई है। बताया गया कि मुकेश नेगी कुछ वर्ष पूर्व भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। पटियालधार पुलिस चौकी पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर ट्रक ने मुकेश नेगी की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और सवार ट्रक के नीचे फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से युवक को ट्रक के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते ट्रक को रोकने में सफल होती तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी निगरानी, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटनास्थल पर राजेंद्र नेगी, विनीत मेंठानी, दिनेश नेगी, जयदीप सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
