चांदनीखाल में खाई में गिरा ईको वाहन, तीन लोग घायल
चमोली जनपद के विकासखंड पोखरी के चांदनीखाल मोटर मार्ग पर चांदनीखाल के पास एक ईको वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया
थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे एक ईको वाहन हापला से पोखरी की ओर आ रहा था। जैसे ही वाहन चांदनीखाल के पास उलखाधार क्षेत्र में पहुंचा, वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 60 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना में वाहन चालक भिकोना निवासी अनुज (26 वर्ष) तथा गुनियाला निवासी विजनेस रावत घायल हो गए, जबकि चौरा निवासी अक्षय (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बद्रीनाथ विधायक , विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा तथा थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया।
सीएचसी पोखरी में तीनों घायलों का उपचार चल रहा है। चिकित्साधिकारी डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि अनुज और विजनेस रावत की स्थिति सामान्य है, जबकि गंभीर रूप से घायल अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
इस दौरान एसआई प्रशांत बिष्ट, कपिल कुमार, रमेश जायसवाल, प्रेम भारती, राजस्व निरीक्षक प्रदीप रावत, राजस्व उपनिरीक्षक सूरज थपलियाल, नीरज स्वरूप, आशुतोष रावत, संतोष चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।
