May 26, 2026

नैनीसैंण इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव धूमधाम से सम्पन्न

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नैनीसैंण, जनपद चमोली में वार्षिकोत्सव समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि माननीय विधायक अनिल नौटियाल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत, खंड शिक्षा अधिकारी कर्णप्रयाग विनोद सिंह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नंदप्रयाग हिमानी बैष्णव, टीका प्रसाद मैखुरी, जगदीश बहुगुणा, पवित्रा बिष्ट, अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) के अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी, ग्राम प्रधान कंडारा ममता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नरेंद्र तोपाल, रमेश जोशी, अरविंद चौहान, महिपाल सिंह नेगी, यूथ फाउंडेशन के अनिल फौजी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश सिंह कंडवाल द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान एवं नवाचार कार्यक्रमों तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि माननीय विधायक अनिल नौटियाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं विद्यालय के प्रति योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह में अभिभावकों, पूर्व छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय जनता की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। सम्पूर्ण कार्यक्रम का सुसंगठित एवं प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. परवीन शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली शैली से कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाए रखा।
अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश सिंह कंडवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समस्त अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!