May 7, 2026

तलवाड़ी महाविद्यालय में गूंजी श्रमिक हितों की आवाज, श्रमिक अधिकारों को लेकर हुआ मंथन

थराली/चमोली। मई दिवस के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी (थराली) में समाजशास्त्र विभाग के तत्वावधान में “संविदा श्रमिक एवं श्रम संहिता” विषय पर वैचारिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रमिकों की वर्तमान परिस्थितियों, नई श्रम संहिताओं तथा श्रमिक अधिकारों पर विस्तार से विचार रखे।

मुख्य वक्ता डॉ. सौरभ कुमार टम्टा, सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र, कैंपस गोपेश्वर ने संविदा श्रमिकों की कार्य परिस्थितियों और उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। वहीं सह वक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश गौड़ ने मई दिवस के महत्व और वर्तमान समय में श्रमिकों की स्थिति पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वक्ताओं ने संविदा श्रमिकों के सबलीकरण के लिए विभिन्न उपायों पर भी चर्चा की।

कार्यक्रम में अन्य वक्ता योगेश देवराड़ी एवं धीरेन्द्र नेगी ने नई श्रम संहिताओं और हालिया श्रम सुधारों की जानकारी दी।

इस अवसर पर आयोजित कविता प्रतियोगिता में हिमांशी और मनमोहन संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहे, जबकि प्रवीण ने द्वितीय तथा प्रदीप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में अंकित सिंह प्रथम, दीक्षा देवराड़ी द्वितीय और अनमोल जोशी तृतीय स्थान पर रहे। पोस्टर प्रतियोगिता में ईशा, निशा और रेणुका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद, जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कनिष्ठ प्रमुख थराली राजेश चौहान, ग्राम प्रधान तलवाड़ी दीपा फरस्वाण, पीटीए अध्यक्ष संतोष रावत, भूतपूर्व छात्रसंघ प्रतिनिधि कृष्णा रावत तथा अतिथि के रूप में सफाई कार्मिक सगा देवी उपस्थित रहे। इसके अलावा महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कार्यालय कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संयोजन मोहित उप्रेती ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. ललित जोशी द्वारा किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!