रुद्रनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने हेतु प्रशासन की तैयारी तेज, बर्फीले मार्गों का किया निरीक्षण


रुद्रनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने हेतु प्रशासन की तैयारी तेज, बर्फीले मार्गों का किया निरीक्षण
18 मई को खुलेंगे चतुर्थ केदार रुद्रनाथ के कपाट, पुलिस-प्रशासन ने संयुक्त टीम के साथ किया पैदल सर्वे
चमोली:
पंच केदारों में चतुर्थ केदार के रूप में प्रसिद्ध श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट आगामी 18 मई को ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाएंगे। यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाने के लिए चमोली पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की 15 सदस्यीय संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने सगर से रुद्रनाथ धाम तक के दुर्गम पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में पुलिस विभाग की ओर से वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुगशाल सहित एसडीआरएफ टीम भी शामिल रही।
निरीक्षण के दौरान टीम ने यात्रा मार्ग की भौतिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, विश्राम स्थलों और संभावित प्राकृतिक जोखिमों का गहन आकलन किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, संचार प्रणाली और आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता का भी जायजा लिया गया।
टीम द्वारा यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी संकलित किए गए हैं। जिला प्रशासन इन सुझावों के आधार पर समग्र कार्ययोजना तैयार कर रहा है, जिससे कपाट खुलने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सकें।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि रुद्रनाथ धाम की यात्रा भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत कठिन है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
