August 22, 2026

दूषित पानी से बढ़ी बीमारियां, कर्णप्रयाग में वायरल फीवर और टायफाइड के मरीज बढ़े

जल जनित बीमारियां

बीते दो माह से अधिक समय से हो रही लगातार बारिश ने अब आमजन की समस्याओं को बढ़ा दिया है। भारी बारिश के कारण जहां चमोली जनपद के कई गांवों के संपर्क मार्ग अवरुद्ध हैं, वहीं नदी-नालों के दूषित पानी के कारण लोग जल जनित बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से टायफाइड, वायरल फीवर और पीलिया जैसे रोग शामिल हैं।

वहीं, चमोली जनपद के विकासखंड कर्णप्रयाग की सभी 94 ग्राम पंचायतों में सैकड़ों लोग वायरल फीवर, टायफाइड आदि जल जनित बीमारियों से ग्रसित हैं। विकासखंड कर्णप्रयाग के विभिन्न गांवों से बड़ी तादाद में लोग उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंच रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भगवती प्रसाद पुरोहित का कहना है कि बीते एक माह से 100 से अधिक मरीज वायरल फीवर और टायफाइड की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। जो मरीज अधिक गंभीर हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। मरीजों को उचित दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।

डॉ. भगवती प्रसाद पुरोहित, सीएमएस, उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग

 

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!