August 19, 2026

मीडिया-प्रशासन संवाद को मजबूती देगा ‘वार्तालाप’, 20 अगस्त को गोपेश्वर में कार्यशाला

ग्रामीण पत्रकारों के लिए 20 अगस्त को गोपेश्वर में होगी क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’

गोपेश्वर। ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकारों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रमुख पहलों की जमीनी जानकारी उपलब्ध कराने तथा मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को गोपेश्वर में एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया जाएगा।

कार्यालय, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB), देहरादून की ओर से आयोजित यह कार्यशाला 20 अगस्त को प्रातः 10 बजे जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में आयोजित होगी। कार्यशाला में जनपद चमोली के ग्रामीण एवं क्षेत्रीय पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है।

कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण पहलों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य पत्रकारों को योजनाओं की वास्तविक प्रक्रिया, उनके उद्देश्य और ग्रामीण क्षेत्रों में इनके प्रभाव की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि इन योजनाओं से जुड़ी सूचनाओं को आम जनता तक अधिक प्रभावी और तथ्यपरक तरीके से पहुंचाया जा सके।

इन विषयों पर होगी चर्चा

क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला में ई-20 एवं इथेनॉल मिश्रण, महिला सशक्तिकरण एवं स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, स्वास्थ्य एवं आयुष्मान भारत, नशा मुक्त भारत अभियान तथा GI टैग और ODOP (One District One Product) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, मत्स्य क्षेत्र को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सुविधाओं और आयुष्मान भारत योजना के लाभ, नशे के खिलाफ जागरूकता तथा स्थानीय उत्पादों को GI टैग एवं ODOP के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कार्यशाला में पत्रकारों को योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने के साथ ही विषय विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और सवाल पूछने का अवसर भी मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों, उपलब्ध सुविधाओं और जमीनी स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों को बेहतर तरीके से सामने लाने में मदद मिलेगी।

PIB देहरादून की ओर से जनपद चमोली के सभी पत्रकार बंधुओं से कार्यशाला में सहभागिता करने का आग्रह किया गया है। आयोजकों के अनुसार, ‘वार्तालाप’ का उद्देश्य मीडिया कर्मियों और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की सही और विश्वसनीय जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को और प्रभावी बनाना है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!