बागेश्वर में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप


बागेश्वर जिले के गोगीनापानी गांव में बुधवार शाम एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर गोगीनापानी निवासी गोपाल राम 40 पुत्र काशीराम का पुष्कर और फल्यांटी निवासी जीवन के साथ विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गोपाल राम को धक्का दिया गया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक के परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वही मृतक की परिजन भगवती देवी ने भी घटना को हत्या बताते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार को पुलिस जांच पर भरोसा है, लेकिन कार्रवाई शीघ्र होनी चाहिए।भगवती देवी,मृतक की परिजन

मृतक के चचेरे भाई बसंत राम ने आरोप लगाया कि उनके भाई की जानबूझकर हत्या की गई है। उसके शरीर पर जगह जगह चोट के निशान है। साथ ही कहा कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके। बसंत राम, मृतक का भाई
पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि मामले की हर कोण से गहन जांच की जा रही है। जिस दुकान के बाहर घटना हुई, उसके संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अजय साह,पुलिस उपाध्यक्ष
