किमोली में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला
महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों ने दी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल
कर्णप्रयाग। विकासखंड कर्णप्रयाग के कण्डारा कपीरी क्षेत्र के किमोली गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय श्री लक्ष्मीनारायण पर्यटन, सांस्कृतिक एवं विकास मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मेले के दूसरे दिन कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश बहुगुणा और उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मेले में कर्णप्रयाग विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान लक्ष्मीनारायण के दर्शन कर सुख, समृद्धि और धन-धान्य की कामना की। इस दौरान महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
मेले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सहकारिता, पुलिस, बाल विकास, कृषि और उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने विभागीय स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली तथा उनका लाभ उठाया।
मंदिर के पुजारी कमलेश थपलियाल ने बताया कि किमोली स्थित पौराणिक लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान लक्ष्मीनारायण के प्रति क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था है। जन्माष्टमी के अवसर पर धनसारी गांव से भगवान श्रीकृष्ण की डोली मंदिर में पहुंचती है। रातभर जागरण के बाद अगले दिन भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदीश बहुगुणा ने क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान लक्ष्मीनारायण से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की कामना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचे। श्रद्धालु तेजू रावत ने कहा कि मंदिर को लेकर लोगों में गहरी आस्था और विश्वास है। उन्होंने बताया कि मंदिर की धार्मिक मान्यता के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
