August 25, 2026

नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासदों, कर्मचारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विधायक बद्रीनाथ ने किया सम्मानित

पोखरी। विकासखंड पोखरी के सभागार में विधायक बद्रीनाथ लखपत बुटोला ने नगर पंचायत पोखरी के अध्यक्ष सोहन लाल, सभी सभासदों, कर्मचारियों, अधिकारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पत्रकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि उपचुनाव के समय सभी लोगों ने उनका भरपूर सहयोग किया, इसलिए सभी का सम्मान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी को लगातार जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और अब तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सैकड़ों लोग पार्टी से जुड़ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के विकास हेतु सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी, जिसके बाद हर गांव ही नहीं, हर मोहल्ले तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।

इस दौरान उन्होंने पोखरी प्रेस क्लब के लिए विधायक निधि से 2 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता के.एस. चौधरी, एडवोकेट श्रवण सती, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र राणा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवीन्द्र नेगी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रीति भंडारी, पूर्व प्रमुख विनीता देवी, राजपाल कोठियाल, मयंक नेगी, समुद्रा देवी, देव बर्त्वाल, हनुमंत कंडारी, तेजपाल सिंह, विशम्बर मध्यवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!