May 17, 2026

कारगिल शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी द्वार का लोकार्पण, गायत्री मंदिर में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर का स्वागत

सहदेव सिंह पुण्डीर ने सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के चायबागान मुख्य मार्ग पर कारगिल युद्ध के अमर शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी की स्मृति में निर्मित “शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी द्वार 19 गढ़वाल राइफल” का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों, पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि शहीद सुरेन्द्र सिंह नेगी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर पूरे क्षेत्र और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। विधायक ने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना समाज का कर्तव्य है ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा ले सकें। इसी उद्देश्य से इस शहीद द्वार का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के सम्मान व कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। साथ ही युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशसेवा की भावना अपनाने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के उपरांत गायत्री मंदिर में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर का स्वागत किया गया, जहां क्षेत्रवासियों ने उनका तहेदिल से आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहीद के नाम पर निर्मित यह द्वार क्षेत्रवासियों को सदैव वीर शहीदों की याद दिलाता रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर पार्षद अनिल नौटियाल, बद्री केदार गढ़वाल महासभा देहरादून के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नेगी, उपाध्यक्ष विनीता गौड़, सचिव राजेश्वरी रावत, कोषाध्यक्ष रंजना नेगी, एमडीडीए के अधिकारीगण, पूर्व सैनिक, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!