पठानकोट हादसे में थराली के ITBP जवान की मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई



थराली के ITBP जवान प्रदीप कुमार का पठानकोट में हादसे में निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
थराली/चमोली। अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी कर देहरादून लौट रहे ITBP के जवान प्रदीप कुमार का पठानकोट रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में निधन हो गया। जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव डुंगरी पंतोली पहुंचने के बाद सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान हजारों क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रशासन, पुलिस और ITBP के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार 23वीं बटालियन ITBP की ‘D’ कंपनी में तैनात CT/GD प्रदीप कुमार अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद ट्रेन संख्या 14662 से देहरादून लौट रहे थे। वे एक अधिकारी और अन्य जवानों के साथ यात्रा कर रहे थे।

15 अगस्त की रात करीब 12:10 बजे पठानकोट रेलवे स्टेशन पर प्रदीप कुमार पानी लेने के लिए ट्रेन से नीचे उतरे। इसी दौरान ट्रेन प्लेटफार्म से चल पड़ी। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे प्लेटफार्म तथा रेलवे ट्रैक के बीच गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जवान को तत्काल एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पठानकोट ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात 12:44 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप कुमार चमोली जिले के थराली तहसील के डुंगरी पंतोली गांव के रहने वाले थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
