October 26, 2026

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वॉलीबॉल प्रतियोगिता के साथ हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल मेले का समापन

0
IMG-20261026-WA0126

देहरादून की टीम ने पौड़ी को 3-1 से हराकर जीती वॉलीबॉल ट्रॉफी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा दर्शकों का मन

पोखरी। नगर पंचायत पोखरी की ओर से आयोजित 20वें हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेले का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पुरस्कार वितरण और राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। समापन दिवस पर विद्यालयी छात्र-छात्राओं और महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में देहरादून की टीम ने पौड़ी को 3-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

मेले के अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। स्नातक महाविद्यालय नागनाथ और शिवांगी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। महिला मंगल दल कांडा-क्वींठी सहित अन्य महिला मंगल दलों ने भी लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। थालाबैंड की नारायणी देवी ने पंडवाणी की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

समापन दिवस के कार्यक्रमों का शुभारंभ देवाल क्षेत्र से पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पंडित नरेंद्र चमोला सहित अन्य वक्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मेले के जनक राजेंद्र सिंह भंडारी के प्रयासों की सराहना की। वक्ताओं ने बिना सरकारी सहायता के सभी को साथ लेकर मेले का आयोजन करने के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देहरादून ने मारी बाजी

मेले के तहत मिनी स्टेडियम पोखरी में जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय आमंत्रण वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में पौड़ी की टीम ने पिथौरागढ़ को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में देहरादून की टीम ने स्पोर्ट्स हॉस्टल गोपेश्वर को पराजित किया।

फाइनल मुकाबला देहरादून और पौड़ी की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पौड़ी को 3-1 से हराकर खिताब जीत लिया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया, जबकि उपविजेता पौड़ी की टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

पुरस्कार वितरण मेले के जनक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, मेला अध्यक्ष सोहन लाल और जिला क्रीड़ा अधिकारी मोहित कुमार ने किया। प्रतियोगिता में अनूप रावत, योगेंद्र बर्त्वाल, गोपाल बिष्ट, नवीन कुंवर, सुरेश बिष्ट, रमेश पखोली, अतुल कुमार, बबीता भंडारी और प्रमोद असवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

सहयोगियों का जताया आभार

समापन अवसर पर राजेंद्र सिंह भंडारी ने दूर-दराज के क्षेत्रों से मेले में पहुंचे लोगों, विभिन्न विभागों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेले को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया। इस दौरान व्यापारियों को सम्मानित भी किया गया। व्यापार संघ अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मेले के सफल संचालन के लिए आयोजकों और सहयोगियों को शुभकामनाएं दीं।

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं और स्थानीय परंपराओं के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल