September 16, 2026

पोखरी विकासखंड में पेयजल समस्या पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

चमोली :जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को पोखरी विकासखंड में पेयजल संकट की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को क्षेत्र में उत्पन्न पेयजल समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान हेतु त्वरित योजना तैयार की जाए तथा वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर पेयजल टैंकरों के माध्यम से भी जल उपलब्ध कराया जाए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन एवं अमृत योजना के अंतर्गत चल रही जलापूर्ति परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिक से अधिक लाभार्थियों तक इन योजनाओं का लाभ पहुँ‍चाने पर बल दिया। बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत बिछी पाइपलाइनों में पानी न आने की शिकायत भी रखी।

इस अवसर पर क्षेत्र के मा. विधायक लखपत बुटोला ने पोखरी के गांवों में पेयजल समस्या को प्राथमिकता से समाधान करने और सरकार की चल रही योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने पर जोर दिया।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, जल निगम के अधीक्षण अभियंता मो. वासीम अहमद, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार सैनी, स्थानीय ग्रामीणों सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!