नारायणबगड़ में अतिवृष्टि से बाजार में घुसा मलबा, प्रशासन ने युद्धस्तर पर शुरू किया राहत व सफाई अभियान


नारायणबगड़/चमोली, 26 जून। बुधवार देर रात हुई अतिवृष्टि के कारण ग्राम देवकसल्ला से भारी मात्रा में मलबा नारायणबगड़ मुख्य बाजार में पहुंच गया, जिससे बाजार का एक हिस्सा प्रभावित हो गया। हालांकि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व, लोक निर्माण, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत, बचाव व सफाई कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया। जेसीबी मशीनों की सहायता से मुख्य मार्गों से मलबा हटाया जा रहा है ताकि यातायात और जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।

अतिवृष्टि से सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया और चौपहिया वाहनों में मलबा भर गया, जबकि कुछ दुकानों में भी पानी और मलबा घुसने से नुकसान हुआ। जिलाधिकारी ने निजी एवं सार्वजनिक संपत्तियों, कृषि भूमि और फसलों को हुई क्षति का सर्वेक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पेयजल आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई है, जिसे बहाल करने के प्रयास जारी हैं, जबकि विद्युत आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। जिला प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने, अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
