April 11, 2026

चमोली: घास काटने जंगल गई महिला लापता, जंगल में खून के धब्बे और सामान मिला – सर्च अभियान जारी

चमोली जनपद के पोखरी थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। ग्राम पाव निवासी सुबोध कांत पुत्र लक्ष्मण लाल द्वारा थाना पोखरी में सूचना दी गई कि उनके गांव की रामेश्वरी देवी (50 वर्ष), पत्नी अनिल कुमार सुबह लगभग 8 बजे घास लेने जंगल गई थीं, लेकिन दोपहर तक घर वापस नहीं लौटीं।

महिला के देर शाम तक घर न पहुंचने पर गांव के लोगों ने जंगल में व्यापक खोजबीन शुरू की। सूचना पर थाना पोखरी पुलिस ने वन विभाग को अवगत कर टीमों को मौके पर भेजा।

सर्च अभियान के दौरान जंगल में रामेश्वरी देवी का सर पर बांधने वाला कपड़े का टुकड़ा, एक दरांती, रस्सी तथा खून के धब्बे मिले, जिससे आशंका गहरा गई है। हालांकि गहन खोजबीन के बावजूद अभी तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

अंधेरा होने के कारण बुधवार देर शाम सर्च अभियान को रोकना पड़ा। पुलिस टीम, वन विभाग और ग्रामीणों की संयुक्त टीम गुरुवार सुबह पुनः सर्च अभियान शुरू करेगी।

घटना को लेकर गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!