November 2, 2026

घनसाली विधानसभा क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ का ऐलान।

0
IMG-20251024-WA0008

 

 

घनसाली।
घनसाली विधानसभा क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के खिलाफ अब जनता लामबंद होने लगी है। क्षेत्र के युवा नेता सन्दीप आर्य ने गुरुवार को ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ के नाम से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान किया है।

सन्दीप आर्य ने कहा कि क्षेत्र की जनता स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लंबे समय से परेशान है और नेताओं के आश्वासनों से अब पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर बेलेश्वर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड टेक्नीशियन की नियुक्ति नहीं की गई और पिलखी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

युवा नेता का कहना है कि कुछ समय पहले क्षेत्र के विधायक ने आश्वासन दिया था कि बेलेश्वर अस्पताल में डॉक्टर की नियुक्ति कर दी गई है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी डॉक्टर ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।

सन्दीप आर्य ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लड़ाई अब जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर नहीं छोड़ी जा सकती। जनता ने जिन्हें नेता बनाया, अब वही अपने अधिकारों के लिए खुद लड़ने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि घनसाली क्षेत्र की जनता को लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। इसलिए अब हर मुद्दे पर संघर्ष किया जाएगा।

सन्दीप आर्य ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ की इस लड़ाई को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल