September 23, 2026

सिंद्रवाणी–सकण्ड मोटर मार्ग के प्रथम चरण के नव निर्माण को मिली प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति।

 

 

कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 9.50 किमी मोटर मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू, प्रथम चरण के लिए ₹15.68 लाख स्वीकृत।

जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सिंद्रवाणी से सकण्ड तक 9.50 किलोमीटर मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्य के प्रथम चरण के लिए शासन स्तर से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड शासन द्वारा शासनादेश जारी किया गया है।

शासनादेश के अनुसार, उक्त मोटर मार्ग की कुल लंबाई 9.500 किलोमीटर है। प्रथम चरण में उपलब्ध कराए गए आगणन के आधार पर ₹15.68 लाख की लागत से आवश्यक कार्यवाही एवं सर्वेक्षण आदि के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में व्यय हेतु ₹10 हजार की धनराशि भी प्राविधानित की गई है। शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्देश दिए गए हैं कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को वित्तीय स्वीकृति हेतु प्रस्तुत की जाएगी। निर्माण कार्य में शासन द्वारा निर्धारित दरों, विशिष्टियों एवं मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ ही कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

सिंद्रवाणी–सकण्ड मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से स्थानीय ग्रामीणों को दैनिक आवागमन, परिवहन तथा आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय उत्पादों के परिवहन तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को भी बेहतर आधार मिलेगा।

लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को नियमानुसार पूर्ण करते हुए स्वीकृत कार्य को गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!