August 24, 2026

यहां आत्मदाह करने के लिए तहसील में पेड़ पर चढ़ गया भाजपा नेता

रुड़की। चकबंदी विभाग में धांधली के मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर एक भाजपा नेता आत्मदाह करने तहसील कार्यालय पहुंच गया। वहां पर पुलिस को तैनात देख भाजपा नेता पेड़ पर चढ़ गया। पुलिस कर्मियों ने उसे पेड़ से उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन वो किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

बता दें कि हरिद्वार के कनखल निवासी जगजीवन राम ने चकबंदी के बंदोबस्त अधिकारी को 3 दिसंबर को एक ज्ञापन दिया था जिसमें बताया गया था कि बेलडा और कुछ गांव में चकबंदी प्रकिया में धांधली की गई है। जिसमें कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई है लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं इन मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर जगजीवन राम ने 15 दिसंबर को चकबन्दी के बंदोबस्त अधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। जिसको लेकर खुफिया विभाग भी उसकी तलाश कर रहा था। वहीं बुधवार की सुबह करीब 10 बजे जगजीवन राम एक बैग लेकर तहसील कार्यालय आत्मदाह करने के लिए पहुंचा। जहां बंदोबस्त अधिकारी के कार्यालय पर पहले से ही पुलिस तैनात थी। पुलिस को देखते ही वो पेड़ पर डीजल से भरी बोतल लेकर चढ़ गया। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन के बाद जगजीवन राम पेड़ से उतर गया।

इस मामले में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल की जाएगी, फिलहाल उक्त व्यक्ति को बचाना प्राथमिकता थी, उसे स्वास्थ्य उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।उन्होंने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!