November 17, 2026

1962 के भारत-चीन युद्ध में अदम्य वीरता दिखाने वाली 5वीं बटालियन ने मनाया ‘थेमवांग डे’

0
IMG-20261117-WA0018

1962 भारत-चीन युद्ध में अदम्य वीरता के लिए 5वीं बटालियन ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स को मिला ‘थेमवांग डे’ सम्मान।

देहरादून। वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान 5वीं बटालियन ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स के वीर सैनिकों ने चीनी सेना के खिलाफ अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए बहादुरी से मुकाबला किया था। बटालियन की इसी ऐतिहासिक वीरता और बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 17 नवंबर को ‘थेमवांग डे’ के रूप में मनाया जाता है।

1962 के युद्ध में बटालियन के सैनिकों ने विपरीत परिस्थितियों में भी चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया। इस संघर्ष में बटालियन के करीब 600 सैनिक हताहत हुए। वहीं, मातृभूमि की रक्षा करते हुए बटालियन के दो अधिकारी, तीन जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) और 82 जवान वीरगति को प्राप्त हुए।

बटालियन के इस अदम्य साहस और ऐतिहासिक संघर्ष का उल्लेख अंग्रेज इतिहासकार हैंडरसन ने अपनी पुस्तक में भी किया है। युद्ध के बाद पहाड़ी क्षेत्रों के जवानों को शामिल करते हुए बटालियन का पुनर्गठन किया गया। इसमें गढ़वाल और कुमाऊं के साथ ही गोरखा तथा असम और मिजोरम के जवानों को शामिल किया गया।

‘थेमवांग डे’ के अवसर पर प्रतिवर्ष 17 नवंबर को बटालियन के अधिकारी और जवान युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस दौरान शहीदों के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा जाता है। इसके बाद सैन्य परंपरा के अनुरूप शस्त्र सलामी देकर वीर सपूतों के बलिदान को नमन किया जाता है। यह दिवस बटालियन के अदम्य साहस, शौर्य, सैन्य परंपरा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल