गढ़ कौथिग के दूसरे दिन उमड़ी लोगों की भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गढ़ कौथिग के दूसरे दिन उमड़ी लोगों की भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था की स्वर्ण जयंती और उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित पांच दिवसीय मेले में बढ़ने लगी रौनक, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, आजीवन सदस्यों और राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत), क्लेमेनटाउन देहरादून की 50वीं वर्षगांठ एवं स्वर्ण जयंती तथा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय भव्य गढ़ कौथिग (मेले) के दूसरे दिन लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित इस कौथिग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक लोकगीतों और विभिन्न गतिविधियों ने मेले की रौनक बढ़ा दी। मेले में लगे खानपान, पारंपरिक परिधानों और बच्चों के खिलौनों के स्टॉल के साथ ही झूलों का भी लोगों ने खूब आनंद लिया।
मेले के दूसरे दिन महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा समाजसेवी महेश गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद संस्था की सांस्कृतिक सचिव यशवन्ती थपलियाल के नेतृत्व में बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। वहीं गढ़वाली गीत ‘मैं पहाड़न’ पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
संस्था की गौरी शंकर कीर्तन मंडली की महिलाओं ने सैनिकों के जीवन और देशभक्ति की भावना पर आधारित ‘वंदे मातरम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। वहीं नीलम डोबरियाल और वंदना सेमवाल ने गढ़वाल में खेती-किसानी के लिए हलिया (हल चलाने वाले व्यक्ति) नहीं मिलने की समस्या और पहाड़ की एक बुजुर्ग महिला की पीड़ा को नाटक एवं गढ़वाली गीत ‘क्वी हल्र्या नी मिल्दा’ के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने पहाड़ की खेती-किसानी से जुड़ी चुनौतियों को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सिद्धार्थ अग्रवाल और विशिष्ट अतिथि महेश गोयल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा संस्था के आजीवन सदस्यों को सम्मानित किया। सिद्धार्थ अग्रवाल ने संस्था के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था जिस तरह अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है, वह सराहनीय है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह सदैव संस्था के साथ खड़े रहेंगे। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संस्था की महिला मंडली ‘जय मां ज्वाल्पा ग्रुप’ ने गढ़वाली लोकसंस्कृति के पारंपरिक चौंफला एवं थड़िया गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद अमरदीप नेगी एवं बबली उनियाल सांस्कृतिक दल ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक दल ने ‘देवा हो देवा श्री शंभू महादेव’ की प्रस्तुति से कार्यक्रम का भक्तिमय आगाज किया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओपी बहुगुणा, अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बडोनी, उपाध्यक्ष जयपाल सिंह रावत, आरसीएस रावत, विश्व भास्कर मैदौला, राजपाल सिंह नेगी, वाचस्पति बिडालिया, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, उमराव सिंह गुसाईं, गोविंद सिंह रावत, जितेंद्र खंतवाल, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, सुबोध नौटियाल, जसवंत सिंह नेगी, अभिषेक परमार, अशोक सुंदरीयाल, मनोज भट्ट, बिलोचन बर्थवाल, लक्ष्मण कोटनाला, बृज मोहन भंडारी, निर्मल डंडरियाल, विक्रम नैथानी, रमेश चमोली, उत्तम सिंह रौथाण सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
पांच दिवसीय गढ़ कौथिग के दूसरे दिन की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। मेले के आगामी दिनों में भी गढ़वाली लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
