November 11, 2026

14 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला

0
IMG-20261111-WA0035

चमोली

 

14 से 20 नवंबर तक आयोजित होगा 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला

 

जनपद चमोली के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का आयोजन 14 से 20 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। मेले का शुभारंभ 14 नवंबर को होगा। सात दिवसीय मेले में औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों, कृषि एवं उद्यान, खेलकूद, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

 

मेले के प्रथम दिन 14 नवंबर को प्रातः 7 बजे श्री रावल देवता पूजन एवं 7:30 बजे प्रभात फेरी के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात मेला अध्यक्ष एवं मेला अधिकारी द्वारा झंडारोहण, मार्च पास्ट एवं सलामी दी जाएगी। बालक-बालिकाओं की प्रतियोगितात्मक दौड़, शिशु प्रदर्शनी तथा नेहरू चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम को विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य एवं लोकगायक कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। रात्रि में ‘वीर भड़ माधो सिंह भंडारी’ गीत-नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा।

 

15 नवंबर को खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। दिन की शुरुआत पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान द्वारा योग शिविर से होगी। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, वन विभाग की जन जागरूकता गोष्ठी, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन पर चर्चा, बैंकर गोष्ठी तथा प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की गोष्ठी आयोजित की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगायक अरविंद कुमार एवं टीम, पवन लोभियाल एवं जय, मां पथवार नंदा कला मंच गैरसैंण तथा लोकगायक अनिल रावत अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं लोक जागर गायिका डॉ. पम्मी, नवल तथा लोकगायक रोहित चौहान सहित अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।

 

16 नवंबर को विभागीय योजनाओं एवं कृषि-औद्योगिक विकास पर विशेष फोकस रहेगा। इस दिन समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी गोष्ठी, कृषि विभाग की किसान गोष्ठी तथा जिला उद्योग विकास केंद्र द्वारा औद्योगिक विकास गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त भिलंगना सांस्कृतिक कला समिति, उत्तराखंड सांस्कृतिक कला मंच गौचर एवं अन्य सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कवि सम्मेलन, हास्य नाटिका तथा लोकगायक साहब सिंह रमौला, अमित खरे एवं स्वाति सहित विभिन्न कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

 

17 नवंबर को उद्यान एवं पंचायत विकास से जुड़े विषयों पर कार्यक्रम होंगे। उद्यान विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन संबंधी गोष्ठी तथा पंच सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही अनुराग शाह गौचर, उमा शंकर कला मंच कर्णप्रयाग, विमल बिष्ट एवं टीम, हिमांशु डबरियाल एवं टीम, लोकगायक अभिषेक एवं टीम तथा हिमनाद बैंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। लोकगायक विवेक नौटियाल एवं मंजू नौटियाल भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

 

18 नवंबर को पूर्व सैनिकों, पत्रकारों एवं विधिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दिन भूतपूर्व सैनिक एवं गौरव सेनानी सम्मेलन, आईटीबीपी जोशीमठ बैंड की प्रस्तुति तथा पत्रकार सम्मेलन एवं पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक गोष्ठी तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यालयी शिक्षा विभाग के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के कार्यक्रम, जोनपुर की स्वजन सांस्कृतिक कला मंच की प्रस्तुति तथा लोकगायक संकल्प खेतवाल, अज्जू तोमर एवं मनोज सागर सहित अन्य कलाकारों के कार्यक्रम होंगे।

 

19 नवंबर को खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल एवं महिला सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इस दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल आयोजित किए जाएंगे। साथ ही भाषण प्रतियोगिता तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती पर गोष्ठी एवं महिला सशक्तिकरण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शाम को उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध बैंड की प्रस्तुति तथा पांडवाज द्वारा सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी।

 

20 नवंबर को होगा मेले का समापन। अंतिम दिन मुख्य अतिथि श्री यशपाल आर्य का आगमन एवं स्वागत होगा। लोकगायिका सरिता बैनोला की सांस्कृतिक प्रस्तुति, पौराणिक ढोल वादन एवं भैरव नृत्य जागरी की प्रस्तुति के साथ नारंगी नंदानगर (घाट) की सांस्कृतिक कला मंच समिति द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अपराह्न एक बजे मुख्य अतिथि द्वारा मेले का विधिवत समापन किया जाएगा।

 

मेले के दौरान प्रतिदिन प्रातः योग शिविर एवं खेल प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न विभागीय गोष्ठियां, जनजागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। गौचर मेला न केवल क्षेत्र की व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, संगीत एवं स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का भी प्रमुख अवसर है। जिला प्रशासन एवं मेला समिति द्वारा सभी क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पर्यटकों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल