कांग्रेस प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप






कांग्रेस प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का लगाया आरोप
सकंड, माठा और धनपुर गांवों को सड़क से जोड़ने का मुद्दा उठाया
गौचर। कांग्रेस के प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों को लेकर बड़े-बड़े दावे करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत विकास योजनाएं आज भी अधर में हैं, जिसके चलते जनता आंदोलन करने को मजबूर हो रही है।
शनिवार को देवराड़ी मेले में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुकेश नेगी ने कहा कि सिदोली क्षेत्र वर्तमान विधायक का गृह क्षेत्र है। इसके बावजूद यहां की जनता यातायात, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए आंदोलन कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय अनुसूया प्रसाद मैखुरी ने सकंड गांव के लिए छह किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 68 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई थी। आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद भाजपा सरकार ने इस स्वीकृति को ठंडे बस्ते में डाल दिया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर सकंड के ग्रामीणों द्वारा स्वयं सड़क खोदने का कदम सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े करता है।


मुकेश नेगी ने मेला आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत विकास कार्यों को पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगारपरक योजनाएं स्वीकृत कराने तथा सकंड, माठा और धनपुर समेत अन्य गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने की बात कही।
इस अवसर पर अजय किशोर भंडारी, अधिवक्ता रघुबीर बिष्ट, हरीश नयाल, मनोज नेगी, अधिवक्ता महावीर नेगी, संदीप कुमार चमोली, लक्ष्मण राणा, आशू बिष्ट, मेला समिति अध्यक्ष महेंद्र राणा, नितेश चौधरी, देवेंद्र भंडारी, प्रधान संघ अध्यक्ष उमेश खंडूड़ी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
