सामाजिक विज्ञान महोत्सव में बच्चों ने प्रस्तुत किए जल संरक्षण और आदर्श गांव के मॉडल






– पोखरी, चमोली
– भानु प्रकाश
स्कूली बच्चों में विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ ही इनके दैनिक जीवन में महत्व को समझाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चमोली जनपद के दूरस्थ विकासखंड पोखरी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा में कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया।
सामाजिक विज्ञान महोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए जल संरक्षण, आदर्श गांव और क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों सहित विभिन्न विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने मॉडलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और स्थानीय संस्कृति के महत्व को दर्शाया।

महोत्सव के दौरान सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के लिए सामाजिक विज्ञान पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सामाजिक विज्ञान के अध्यापकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए महोत्सव को उनके ज्ञान, रचनात्मकता और सामाजिक समझ को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी ने छात्र-छात्राओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
