भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने आयोजित किया हरेला पर्व, गौचर में वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।
गौचर (चमोली)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में चमोली जनपद के कर्णप्रयाग विकासखंड अंतर्गत गौचर नगर पालिका के वार्ड संख्या-7 स्थित बंदरखण्ड शिवालय परिसर में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ, चमोली के तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में 8वीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर, वन विभाग, उद्यान विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनकल्याण लोक सेवा समिति, महिला मंगल दल बंदरखण्ड तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 8वीं वाहिनी आईटीबीपी गौचर के सहायक कमांडेंट विनोद कुमार तथा वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ, चमोली के जिला अध्यक्ष दिगपाल सिंह गुसाईं ने बताया कि धार्मिक स्थलों को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
जनकल्याण लोक सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा हरित उत्तराखंड के निर्माण का संदेश देते हुए सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।
