June 27, 2026

तुंगेश्वर डाकघर में बड़ी लापरवाही का खुलासा, आधार, पैन, एटीएम कार्ड समेत पंजीकृत डाक बोरियों में मिली

विनोद पांडे, संवाददाता, उत्तराखंड

 

जनपद चमोली के तुंगेश्वर डाकघर से डाक वितरण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि डाक विभाग के कर्मचारियों ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, सरकारी नोटिस, कॉल लेटर तथा अन्य पंजीकृत डाक का समय पर वितरण नहीं किया। बताया जा रहा है कि इन डाकों को कर्मचारियों द्वारा निजी आवासों में बोरियों में भरकर रखा गया था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब कई लोगों के आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सड़क पर बिखरे हुए मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार बरामद डाक में वर्ष 2025 की पंजीकृत डाक भी शामिल है। समय पर दस्तावेज और सरकारी नोटिस नहीं मिलने के कारण कई लोगों को आर्थिक नुकसान, जुर्माना और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जब इस संबंध में तुंगेश्वर डाकघर की शाखा अधिकारी से बात की गई तो उनका कहना था कि डाक का वितरण संबंधित डाक वितरक की जिम्मेदारी है।

वहीं, उपजिलाधिकारी थराली ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जानकारी डाक विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या डाक विभाग के उच्च अधिकारी इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करेंगे या फिर क्षेत्र की जनता को न्याय के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजरें डाक विभाग और शासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!