June 26, 2026

मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

48 घंटे में पिथौरागढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा, मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस, पहले भी पॉक्सो मामले में जा चुका है जेल

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी पहले भी पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।

जानकारी के अनुसार, 23 जून को कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र से एक पांच वर्षीय बालिका के लापता होने की सूचना मिलने पर परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमों का गठन कर बच्ची की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आसपास के सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया।

इसके बाद पुलिस ने व्यापक सर्च अभियान चलाकर महज आठ घंटे के भीतर टनकपुर तिराहे के पास से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामले में पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराएं जोड़ दी गईं।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान जिला मुख्यालय के रई धनौड़ा निवासी 35 वर्षीय होशियार सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने 25 और 26 जून की मध्यरात्रि को पुनेड़ी महर रोड क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2022 में एक अन्य नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण के मामले में भी जेल जा चुका है। वह हाल ही में हरिद्वार जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इन धाराओं में आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना तेजी से जारी है और आरोपी के विरुद्ध शीघ्र ही न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

Spread the love
error: Content is protected !!