May 29, 2026

राज्य निगम कर्मचारी महासंघ की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों पर हुई व्यापक चर्चा

देहरादून। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड प्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को अरण्य विकास भवन, 73 नेहरू रोड डालनवाला, देहरादून में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी द्वारा किया गया।

बैठक में राज्य के विभिन्न निगमों एवं प्राधिकरणों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं, वेतन विसंगतियों तथा कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

महासंघ ने राज्य निगमों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए ₹25 लाख ग्रेच्युटी लागू किए जाने की मांग उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित इस मांग को सरकार को शीघ्र पूरा करना चाहिए, ताकि सेवा निवृत्ति के समय कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

बैठक में यह मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को शिथलीकरण का लाभ दिया जा रहा है, जबकि निगमों एवं प्राधिकरणों के कर्मचारियों को इससे वंचित रखा गया है। महासंघ ने मांग की कि राज्य सरकार के कर्मचारियों की भांति निगमों एवं प्राधिकरणों में कार्यरत कर्मचारियों को भी समान रूप से शिथलीकरण का लाभ प्रदान किया जाए।

इसके अलावा उत्तराखण्ड वन विकास निगम में कार्यरत स्केलर वर्ग के कर्मचारियों की वेतन विसंगति पर भी चर्चा हुई। महासंघ ने वर्तमान वेतनमान ₹19900-63200, लेवल-2, ग्रेड वेतन ₹1900 को संशोधित कर ₹21700-69100, लेवल-3, ग्रेड वेतन ₹2000 किए जाने का प्रस्ताव पारित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि स्केलर वर्ग के कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हैं, इसलिए उनके कार्य के अनुरूप उचित वेतनमान दिया जाना आवश्यक है।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर शीघ्र ही सचिवालय स्तर पर शासन से वार्ता की जाएगी तथा कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में प्रेम सिंह चौहान, सुन्दराम टमटा, कुनाल शर्मा, महेन्द्र सिंह गैड़ा, केदार सिंह चौहान, गिरीश प्रसाद जोशी, देवीराम सेमवाल, चतर सिंह, कीरत सिंह नेगी, सुरेन्द्र कुमार, सुनील पुण्डीर, दलीप सिंह रावत, रणजीत सिंह रावत, प्रभात बंसल सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!