August 5, 2026

गौचर में मजदूरों के बकाया वेतन को लेकर प्रदर्शन, समाधान की दिशा में बढ़ा मामला

 

गौचर, चमोली।

गौचर क्षेत्र में रेलवे परियोजना से जुड़े कई स्थानीय मजदूरों ने पिछले 3-4 महीनों से बकाया वेतन नहीं मिलने पर मेगा कंपनी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी द्वारा नियुक्त जम्मू के एक निजी ठेकेदार ने उनसे काम करवाने के बाद भुगतान नहीं किया और बाद में संपर्क करना भी बंद कर दिया।

मजदूरों ने बताया कि लगातार भुगतान की मांग के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन मिलता रहा। आर्थिक संकट और बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों के सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। जब ठेकेदार ने मजदूरी देने से साफ इनकार कर दिया तो आक्रोशित श्रमिकों ने कंपनी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

सूचना मिलने पर वार्ड सभासद विनीत रावत मौके पर पहुंचे और मजदूरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रबंधन से वार्ता की। उन्होंने श्रम आयुक्त एवं उपजिलाधिकारी (SDM) को संबोधित पत्र भी तैयार करवाया और चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को उनका बकाया भुगतान नहीं मिला तो कंपनी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

कंपनी के एचआर और अकाउंट विभाग के साथ लंबी बातचीत के बाद परियोजना प्रबंधक ने मजदूरों की समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। कंपनी प्रबंधन की ओर से जरूरतमंद मजदूरों को तत्काल राहत और सहायता भी उपलब्ध कराई गई। परियोजना प्रबंधक ने भरोसा दिलाया कि सभी बकाया भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।

मजदूरों ने सभासद विनीत रावत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़कर लोगों की मदद करते हैं। प्रभावित श्रमिकों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!