उडामांडा इंटर कॉलेज में 10 दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा
पोखरी (चमोली)
उडामांडा इंटर कॉलेज में 10 दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन
पोखरी। राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा में आयोजित दस दिवसीय रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद किमोठी ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को व्यावहारिक तकनीकों और रणनीतियों के माध्यम से शारीरिक हमलों व संभावित खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए सक्षम बनाता है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे दैनिक जीवन में अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं।
उन्होंने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित इस योजना का उद्देश्य माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करना है, जिसमें जूडो, कराटे, मार्शल आर्ट और बॉक्सिंग जैसी विधाओं का अभ्यास कराया जाता है।
कार्यशाला में कुल 65 छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षक खुशहाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं में अनुशासन, सहयोग और सीखने की उत्सुकता सराहनीय रही। उन्होंने कहा कि सीमित समय में दिया गया यह प्रशिक्षण भविष्य में उनके काम आए, यही इसकी सार्थकता है।
समापन अवसर पर प्रशिक्षक खुशहाल सिंह नेगी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं—कु. अवंतिका, कु. आरुषि और कु. प्रिया—को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार सहित दयाल गढ़िया, हरेंद्र चौधरी, अंजलि सेमवाल, मीरा रावत, ज्योति पंत, प्रियंका रावत, रजनी नेगी, अंजन सिंह, राजकिशोर, दिनेश जग्गी, अनिल कुमार, सतीश कुमार आदि उपस्थित रहे और अपने विचार व्यक्त किए।
