मां दुद्धखम्बा मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखने की अपील, अराजक गतिविधियों पर सख्ती के संकेत


पोखरी (चमोली)।
नागनाथ पोखरी क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मां दुद्धखम्बा देवी मंदिर परिसर में बढ़ती अराजक गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। क्षेत्रवासियों, महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों ने मंदिर की पवित्रता बनाए रखने के लिए सख्त रुख अपनाने का निर्णय लिया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ समय से कुछ लोग धार्मिक स्थल का दुरुपयोग कर अनुचित गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे मंदिर की गरिमा प्रभावित हो रही है। इसको लेकर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से अपील जारी कर सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से ऐसे कृत्यों से दूर रहने को कहा है।
महिला मंगल दल और युवक मंगल दल के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि मंदिर परिसर में अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त सामाजिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को धार्मिक स्थलों की मर्यादा का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
साथ ही, स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन और थाना प्रशासन से भी अनुरोध किया है कि मंदिर परिसर में निगरानी बढ़ाई जाए और पवित्र स्थल की गरिमा बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया कि मां दुद्धखम्बा मंदिर आस्था, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है, जिसकी पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
