May 12, 2026

श्रीगढ़ में पेयजल लाइन फटने से हड़कंप, घरों में घुसा पानी; ग्रामीणों ने योजना हटाने की मांग

श्रीगढ़ में पेयजल लाइन फटने से हड़कंप, घरों में घुसा पानी; ग्रामीणों ने योजना हटाने की मांग पर अड़े
पोखरी (चमोली):
विकासखंड पोखरी के श्रीगढ़ गांव में जल संस्थान की पोखरी पेयजल पुनर्गठन योजना की मुख्य लाइन फटने से  हड़कंप मच गया। तेज दबाव के चलते लाइन में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पानी आसपास के खेतों, रास्तों और कुछ घरों के भीतर तक घुस गया। घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही तहसीलदार जिनेंद्र सिंह और जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता सुशील सैनी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन का निरीक्षण कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि पेयजल लाइन गांव के बीच से गुजर रही है, जिससे भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहेगा। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक लाइन को गांव से बाहर नहीं हटाया जाता, तब तक वे इस योजना को आगे नहीं बढ़ने देंगे।
अधिकारियों के समझाने के बावजूद ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि जब तक जिलाधिकारी की ओर से लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक पानी को पोखरी की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, सभासद गिरीश किमोठी, सहायक अभियंता जगदीश सिंह पंवार, कनिष्ठ अभियंता मनमोहन सिंह, राजस्व उपनिरीक्षक कुलदीप शाह, ग्राम प्रधान कल्पना देवी, महिला मंगल दल की रजनी देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!