May 18, 2026

एसपी चमोली ने किया ज्योतिर्मठ कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण, चारधाम यात्रा को लेकर दिए अहम निर्देश।

 

 

पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से तैयार रहने की दी सीख, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर

ज्योतिर्मठ/चमोली
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने  कोतवाली ज्योतिर्मठ का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए पुलिस जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपर उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में सुसज्जित सलामी गार्द का अभिवादन स्वीकार कर गार्द का निरीक्षण किया। इसके बाद कोतवाली परिसर का भ्रमण कर अभिलेखों के संधारण, डिजिटल कार्यप्रणाली, स्वच्छता और अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास कराया और नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाने में उपलब्ध शस्त्रों की साफ-सफाई एवं रख-रखाव को बेहतर बनाए रखने तथा उसका विधिवत अभिलेख तैयार करने के निर्देश भी दिए।
एसपी पंवार ने आगामी चारधाम यात्रा और फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी आपदा उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और एसडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस कर्मियों को आपदा प्रबंधन का व्यवहारिक प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जोशीमठ क्षेत्र बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग का प्रमुख पड़ाव है, ऐसे में यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कोतवाली एवं अधीनस्थ चौकियों को आवंटित सरकारी सामग्री का भी परीक्षण किया गया। खराब सामग्री की मरम्मत या प्रतिस्थापन के लिए तत्काल प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाना परिसर के आवासीय भवनों की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने को कहा गया।
एसपी ने थाना कार्यालय के रजिस्टरों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। मालखाना का निरीक्षण कर लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सीसीटीएनएस और महिला हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।
उन्होंने थाना परिसर, बैरक, शौचालय, स्नानागार एवं भोजनालय में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। आदेश कक्ष में लंबित विवेचनाओं, शिकायतों एवं न्यायालयीय आदेशों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
इसके साथ ही आगामी तिमुंड्या मेला एवं विश्व प्रसिद्ध रम्माण मेला को लेकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत एसपी चमोली ने पुलिस कर्मियों, होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सभी कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सजगता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।
इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र रावत, वाचक नरेन्द्र पुरी, आशुलिपिक यजुवेन्द्र रावत सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!