March 11, 2026

देहरादून में रसोई गैस की किल्लत, 37 हजार उपभोक्ताओं को इंतजार।

 

तीन दिन तक अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता, होटल-रेस्तरां की बढ़ी मुश्किलें।

देहरादून:
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देहरादून की रसोई तक पहुंचने लगा है। जिले में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिन की समय सीमा का सख्ती से पालन कराया जा रहा है, जबकि कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में भी कमी आ गई है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अगले तीन दिनों तक अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने गैस संकट खड़ा हो गया है।
आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून जिले में लगभग 7.81 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं। पिछले महीने करीब 5.67 लाख घरेलू सिलेंडर वितरित किए गए थे, जबकि 44,201 कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की गई। जिले में औसतन प्रतिदिन लगभग 18,900 घरेलू और 1,400 व्यावसायिक सिलेंडरों की खपत होती है।
बीते दो दिनों से आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण करीब 37 हजार घरेलू उपभोक्ताओं और लगभग 2,800 कॉमर्शियल उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि स्थिति अस्थायी है और अगले तीन दिनों में गैस आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। विभाग बैकलॉग खत्म करने के लिए अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने में जुटा है।
जिले में कुल 62 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाती है। गैस कंपनियों के बॉटलिंग प्लांट भगवानपुर, हरिद्वार और लोनी में स्थित हैं, जहां से सिलेंडर रिफिल होकर एजेंसियों तक पहुंचते हैं। देहरादून में आपूर्ति करने वाली हिमानी गैस सर्विस के मैनेजर अनिल कुमार रतूड़ी के अनुसार पिछले दो दिनों तक प्लांट स्तर पर एलपीजी सेवा प्रभावित रही, जिसके कारण एजेंसियों को मांग के अनुरूप सिलेंडर नहीं मिल पाए।
इस बीच उपभोक्ता लगातार गैस बुकिंग नंबरों पर कॉल कर रहे हैं, लेकिन कई मामलों में बुकिंग नहीं हो पा रही है। गैस एजेंसियों का कहना है कि एक सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलेंडर बुक किया जा सकता है, जिसके कारण कई लोग एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं।
इन दिनों रमजान के रोजे चल रहे हैं, ऐसे में गैस की कमी से रोजेदार परिवारों को भी अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!