November 22, 2026

इन्स्पायर अवार्ड मानक अवार्ड योजना में चमोली के 153 विद्यार्थियो का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

0
IMG-20250429-WA0008

 

 

चमोली (पोखरी:इन्स्पायर अवार्ड मानक अवार्ड योजना के अन्तर्गत वर्ष 2024 में जनपद चमोली के 153 विद्यार्थियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। जिला समन्वयक चमोली ( विज्ञान /इन्स्पायर अवार्ड मानक‌‌‌) गम्भीर सिंह असवाल (प्रवक्ता भौतिकी) ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कक्षा 6 से कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण योजना संचालित है। जिसमें विद्यार्थियों द्वारा अपने आस पास होने वाली छोटी छोटी समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान हेतु अपने नवाचारी आइडिया/विचार विद्यालयों के माध्यम इन्स्पायर अवार्ड के पोर्टल पर अपलोड किए जाते हैं। जिनका राष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा चयन किया जाता है। तथा चयनित बच्चों को भारत सरकार द्वारा जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपने आइडिया/विचार पर मॉडल/प्रोजेक्ट बनाने के लिए डीबीटी के माध्यम से 10000.(दस हजार रुपए) दिये जाते हैं।
यह योजना देश के सभी प्रकार के विद्यालयों (शासकीय /अशासकीय /मान्यता प्राप्त/ प्राइवेट) के कक्षा 6 से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होती हैं।
विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल/प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी प्रतियोगिता का जिला स्तर पर आयोजन किया जाता है तथा उत्कृष्ट मॉडलों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाता है। राज्य स्तर से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया जाता है तथा राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को जापान में आयोजित इनोवेशन प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने का मौका मिलता है।
जिला चमोली से विद्यार्थियों के चयनित होने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली धर्मसिंह रावत ने बच्चों, शिक्षकों व विद्यालयों को बधाई देते हुए सभी चयनित बच्चों व उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं प्रेषित कर कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपने मॉडल/ प्रोजेक्ट की तैयारी शुरू कर दें जिससे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट मॉडलों का प्रदर्शन हो सके।
जिला समन्वयक चमोली ने बताया कि वर्ष 2024 में जनपद से चयनित 153 विद्यार्थियों में 84 बालिकाओं व 69 बालकों का चयन हुआ है। तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जुलाई अंतिम सप्ताह में होगा।
चयनित विद्यार्थियों की संख्या विकासखण्डवार निम्न प्रकार है जोशीमठ 10, दशोली 17 नन्दानगर 09 पोखरी,08 कर्णप्रयाग 35, गैरसैंण 26,नारायणबगड़ 12 थराली 20 देवाल 16

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सोशल मीडिया वायरल