एसआईआर अभियान में 63,247 नोटिस वितरित, 633 में से 573 मतदेय स्थलों पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई पूरी




जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता कर एसआईआर की प्रगति की दी जानकारी, प्रेस प्रतिनिधियों के सवालों के दिए
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में प्रेस वार्ता की। इस दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर अभियान के तहत जनपद में चल रहे कार्यों, दावे-आपत्तियों की सुनवाई तथा मतदाता पंजीकरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रेस प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का जवाब देते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी साझा की।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 63,247 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 100 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूरा करने की कार्रवाई जारी है। विधानसभा क्षेत्रवार बद्रीनाथ में 21,818, थराली में 19,921 तथा कर्णप्रयाग में 21,508 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक नामित किए गए हैं, जो दावे-आपत्तियों की सुनवाई, अभिलेखों के परीक्षण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 15 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 4,357 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें फार्म-6 के 2,831, फार्म-6ए का 1, फार्म-7 के 387 तथा फार्म-8 के 1,138 प्रपत्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार बद्रीनाथ से 1,425, थराली से 1,797 तथा कर्णप्रयाग से 1,135 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।

इसी प्रकार 14 से 21 अगस्त 2026 तक जनपद में कुल 1,877 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें फार्म-6 के 1,267, फार्म-6ए के 0, फार्म-7 के 168 तथा फार्म-8 के 442 प्रपत्र शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रवार बद्रीनाथ से 670, थराली से 645 तथा कर्णप्रयाग से 562 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।
निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 में संबंधित विवरण उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त 2026 से ईआरओ नेट सॉफ्टवेयर में ऑनलाइन प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन की तिथि 15 सितंबर 2026 के पश्चात नियमानुसार किया जाएगा।
21 अगस्त तक मतदेय स्थलों पर नोटिसों की सुनवाई की स्थिति के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 219 में से 211, थराली के 220 में से 171 तथा कर्णप्रयाग के 194 में से 191 मतदेय स्थलों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस प्रकार जनपद के कुल 633 मतदेय स्थलों में से 573 पर सुनवाई पूरी हो गई है, जबकि 60 मतदेय स्थलों पर सुनवाई शेष है।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाना है। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को दावे-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती सहित प्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
