October 2, 2026

पोखरी में सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव आयोजित, 55 विद्यालयों के 395 बाल वैज्ञानिकों ने किया प्रतिभाग

पोखरी में सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव आयोजित, 55 विद्यालयों के 395 बाल वैज्ञानिकों ने किया प्रतिभाग

नागनाथ (चमोली)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ में विकासखंड स्तरीय सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष चमोली लक्ष्मण खत्री ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विकासखंड पोखरी के 55 विद्यालयों के 395 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विज्ञान क्विज प्रतियोगिता में सर्वाधिक 47 टीमों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लक्ष्मण खत्री ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन में रहने और जिज्ञासु बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को हमेशा प्रश्न पूछने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडलों का निरीक्षण किया और बच्चों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।

ब्लॉक विज्ञान समन्वयक संदीप नेगी ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं, कार्यक्रम संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र रावत ने विद्यार्थियों को विज्ञान संबंधी गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विशिष्ट अतिथि एवं कार्यक्रम संरक्षक खंड शिक्षा अधिकारी पोखरी नेहा भट्ट ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बाल वैज्ञानिकों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

महोत्सव में 30 से अधिक मुख्य निर्णायक एवं निर्णायकों तथा 50 से अधिक मार्गदर्शक शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनूप रावत सहित राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सह-समन्वयक सुरेंद्र राणा ने किया।

जनपद स्तरीय बाल विज्ञान महोत्सव 3 अक्टूबर को

विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के बाद अब जनपद स्तरीय बाल विज्ञान महोत्सव का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को पीस पब्लिक स्कूल, गोपेश्वर में किया जाएगा। इसमें विभिन्न विकासखंडों से चयनित बाल वैज्ञानिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!