गढ़ कौथिग के चौथे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
गढ़ कौथिग के चौथे दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
देहरादून। गढ़वाल भ्रातृ मण्डल संस्था (पंजी), क्लेमेनटाउन की स्वर्ण जयंती एवं उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण, वेल रोड क्लेमेनटाउन में आयोजित पांच दिवसीय विशाल गढ़ कौथिग मेले के चौथे दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। स्कूली बच्चों, महिला मंगल दलों और स्थानीय सांस्कृतिक कलाकारों ने गढ़वाली, जौनसारी एवं भक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राहुल देव ढंड ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों को संस्था की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत धारी देवी कीर्तन मंडली ने गणेश वंदना ‘गौरी जी का लाला, मैं पहली पूजा तेरी करुला’ से की। इसके बाद अंतरमन सोसाइटी स्कूल के बच्चों ने ‘रुकसार मोती घुंघरू न बजा छमाछम’ और ‘सुरम्याली आंखी तेरी हे मधु’ गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रिशा रौथाण, प्रियांशी एवं परिधि सहित अन्य छात्राओं ने गढ़वाली गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। संस्था के भंडार रक्षक एवं पूर्व सैनिक कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट ने ‘धरती हमारा गढ़वाल की’ गीत गाकर दर्शकों में उत्साह भर दिया। वहीं जय मां ज्वाल्पा ग्रुप की महिलाओं ने चौंफला गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी।
मंजू पंवार और उनकी सहेलियों ने ‘मेरो माधो नी आई माधो सिंह’ गीत की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। महिला समूह ने ‘बेटी ब्वारी पहाड़ों की’ गीत और नाटक के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, परंपराओं और गांवों की यादों को जीवंत किया। जौनसारी बच्चों ने भी पारंपरिक जौनसारी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिनेश अग्रवाल ने संस्था के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने पहाड़ों से हो रहे पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी लोगों को अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहना चाहिए और समय-समय पर गांव जाकर वहां की सुध लेनी चाहिए।
सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सांस्कृतिक दल प्रद्युम्न भरतवाण एवं रेनू बाला दल की महिलाओं ने ‘त्रिजुगीनारायण’ भक्ति गीत से किया। इसके बाद सांस्कृतिक दलों ने युगल गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। इस दौरान मुख्य अतिथि राज्य मंत्री भूपेंद्र सिंह कंडारी एवं विशिष्ट अतिथि अनुराधा वालिया का भी स्वागत किया गया।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही व्यावसायिक एवं खानपान के स्टालों पर भी लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। लोगों ने जमकर खरीदारी की, वहीं तंबोला स्टाल पर भी दिनभर काफी चहल-पहल रही।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल (सेवानिवृत्त), रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओपी बहुगुणा, अध्यक्ष सूबेदार मेजर बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बडोनी, उपाध्यक्ष जयपाल सिंह रावत, मेला समन्वयक मनोज भट्ट, मनोनीत पार्षद अभिषेक परमार, विश्व भास्कर मैंदोला, सांस्कृतिक सचिव यशवंती थपलियाल, जसवंत सिंह नेगी, नरेंद्र कोटनाला, विलोचन बर्थवाल, गजेंद्र सिंह नेगी, अनुराग नेगी, वाचस्पति बिडालिया, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, उमराव सिंह गुसाईं, कैप्टन राजपाल सिंह नेगी, सुबोध नौटियाल, गोविंद सिंह रावत, देवी प्रसाद पुरोहित, अशोक सुंदरियाल एवं बृजमोहन भंडारी सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
