November 14, 2026

गढ़ कौथिग के तीसरे दिन उमड़ी दर्शकों की भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

0
IMG-20261113-WA0012

# गढ़ कौथिग के तीसरे दिन उमड़ी दर्शकों की भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

 

**स्टालों पर जमकर हुई खरीदारी, नंदा राजजात और त्रिजुगी नारायण वंदना की प्रस्तुतियों ने मोहा मन; मिस उत्तराखण्ड अंजलि असवाल और अभिनेता-निर्देशक सुनील सिंह हुए सम्मानित**

 

**देहरादून।** गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था (पंजीकृत), क्लेमेनटाउन देहरादून की स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पिपलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय भव्य गढ़ कौथिग के तीसरे दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेले के विभिन्न स्टालों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं, झूले, चर्खी और पारंपरिक खानपान के स्टाल मेले में पहुंचे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

 

कौथिग के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा दिया जा रहा है। तीसरे दिन मुख्य अतिथि भारत कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह पंवार तथा विशिष्ट अतिथि कविता ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक महेश धीर रहे। अतिथियों ने संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, अध्यक्ष बादर सिंह रावत, महासचिव एवं पार्षद दीपक नेगी, मेला अधिकारी दुर्गा प्रसाद बडोनी तथा संस्था के सदस्यों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय महिलाओं ने त्रिजुगी नारायण वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, तरंग स्कूल क्लेमेनटाउन के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कारगी क्षेत्र से पहुंची महिलाओं ने नंदा राजजात यात्रा की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत किया। बणोवाला से आई महिला समूह ने ‘बेडू का पापा दिला दे साड़ी’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।

 

सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिनेश चौनियाल एवं महिमा उनियाल की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। संस्था की ओर से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए मिस उत्तराखंड-2026 अंजलि असवाल को युवा प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, गढ़वाली फिल्मों में उत्कृष्ट अभिनय एवं निर्देशन के लिए सुनील सिंह को भी सम्मानित किया गया।

 

मेले में वेलमेड अस्पताल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच कराई। इससे सांस्कृतिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

 

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक कर्नल हीरा मणि बर्थवाल, रघुनंदन सिंह रावत, सुंदर लाल सेमवाल, ओपी बहुगुणा, अध्यक्ष बादर सिंह रावत, महासचिव दीपक नेगी, उपाध्यक्ष जयपाल सिंह रावत एवं आरसीएस रावत, मेला समन्वयक मनोज भट्ट, कैप्टन आलम सिंह भंडारी, उमराव सिंह गुसाईं, मनोनीत पार्षद अभिषेक परमार, विश्व भास्कर मैंदोला, जसवंत सिंह नेगी, वाचस्पति विडालिया, कैप्टन महेंद्र सिंह बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव यशवंती थपलियाल, उत्तम सिंह रौथाण, गोविंद सिंह रावत, जितेंद्र खंतवाल, कैप्टन राजपाल सिंह नेगी, बृजमोहन भंडारी, देवी प्रसाद पुरोहित, एमएम थपलियाल, रंजन नौटियाल, सुबोध नौटियाल, विक्रम नैथानी, अशोक सुंदरियाल एवं अर्जुन सिंह गुसाईं सहित संस्था के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *