काशीपुर में हरीश रावत का जोरदार स्वागत, जनसंवाद यात्रा को मिला कार्यकर्ताओं का समर्थन

हरीश रावत ने काशीपुर से जनसंवाद यात्रा को दिया धार, कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने जसपुर से अपनी धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के तहत काशीपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि और जसपुर विधायक मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जसपुर से यात्रा शुरू कर तराई क्षेत्र के प्रवेश द्वार काशीपुर पहुंचे। यहां कृषि मंडी समिति के गेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

मीडिया से बातचीत में हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वह जनता का धन्यवाद करने और उनसे संवाद करने के लिए यात्रा पर निकले हैं।
उन्होंने कहा, “मैं कुमाऊं के लोगों से मिलना चाहता हूं, उनसे बातचीत कर उनका हाल जानना चाहता हूं और अपने मन की बात भी उनके सामने रखना चाहता हूं।”
जनसंवाद यात्रा के दौरान जसपुर और काशीपुर क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने पार्टी के भीतर सक्रियता और एकजुटता का संदेश दिया। यात्रा को आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
