मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी दो घंटे के भीतर गिरफ्तार
मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी दो घंटे के भीतर गिरफ्तार
पोखरी पुलिस ने चोरी की बैटरियां की बरामद, पूछताछ में पहले भी चोरी करने की बात आई सामने
पोखरी (चमोली)। मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को पोखरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो घंटे से भी कम समय में चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरियां बरामद की हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा इससे पहले भी उक्त मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी किए जाने की बात सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को इंडस टावर लिमिटेड कंपनी में केयरटेकर के पद पर कार्यरत ओमप्रकाश निवासी ताली ने थाना पोखरी में सूचना दी कि मोबाइल टावर के शेल्टर रूम से दो अज्ञात व्यक्ति बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते सड़क की ओर भाग रहे हैं।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने मोहनखाल चौकी सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान HR 02 BC 6155 नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरियां बरामद हुईं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी पहचान रोहित रावत (27 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम खल, बीरोखाल, थाना थलीसैंण, जनपद पौड़ी गढ़वाल तथा मनीष रमोला (24 वर्ष) पुत्र धरम चंद्र रमोला, निवासी ग्राम छोटी मंडी, थाना धरासू, जनपद उत्तरकाशी के रूप में की है।
बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पोखरी में मुकदमा संख्या 10/2026, धारा 305(क) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह, आरक्षी ललित मोहन, आरक्षी भरत सिंह टोलिया और होमगार्ड सुखदेव शामिल रहे।
