October 2, 2026

पोखरी पुलिस ने चलाया साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान, ठगी से बचाव के बताए उपाय

 

 

पोखरी (चमोली)। राज्यव्यापी अभियान के तहत शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को पोखरी पुलिस ने थाना क्षेत्र के पोगठा और कनकचौरी बाजार में साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।

पुलिस ने लोगों को अनजान नंबरों से आने वाली कॉल, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, यूपीआई (UPI) फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर, एपीके (APK) फाइल के जरिए होने वाली ठगी तथा नौकरी, लॉटरी और लोन के नाम पर किए जाने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या यूपीआई पिन साझा नहीं करने की अपील की।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की रकम को आगे हस्तांतरित होने से रोकने की संभावना बढ़ाई जा सके।

 

पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्कता बरतें, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और ऑनलाइन भुगतान से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की सत्यता की जांच अवश्य करें।

 

अभियान में उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह नेगी, आरक्षी भरत सिंह, होमगार्ड राकेश सिंह, पोगठा के ग्राम प्रधान कुलदीप नेगी, दिनेश रावत, जितेंद्र सिंह सहित स्थानीय दुकानदार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

 

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!