पोखरी में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, 94 बाल वैज्ञानिकों ने लिया प्रतिभाग
पोखरी। चमोली जनपद के विकासखंड पोखरी में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से जूनियर एवं सीनियर वर्ग के कुल 94 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। इनमें जूनियर वर्ग में 37 तथा सीनियर वर्ग में 57 बाल वैज्ञानिक शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ संयोजक प्रधानाचार्य जीएस असवाल, राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर जग्गी, ब्लॉक मंत्री संदीप नेगी, विकासखंड के वरिष्ठ मुख्य निर्णायक एवं निर्णायकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता की रूपरेखा विकासखंड समन्वयक संदीप नेगी ने प्रस्तुत की।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में 30 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित हुई। इसके आधार पर विभिन्न विद्यालयों से प्रतिभागी बाल वैज्ञानिकों को मिलाकर पांच टीमों का गठन किया गया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और वैज्ञानिक सोच का विकास करना रहा।
प्रतियोगिता का दूसरा चरण पांच राउंड में आयोजित किया गया। विभिन्न चरणों में बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक समझ, ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ दो-दो बाल वैज्ञानिकों का चयन जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ दो टीमों के सभी बाल वैज्ञानिकों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संयोजक प्रधानाचार्य जीएस असवाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कल्याण चौधरी, वेद प्रकाश भट्ट, नीरज चौहान, प्रदीप रडवाल, विजय रावत, बंदना, शोभा जोशी, जोगेंद्र कुमार, प्रदीप बर्तवाल, सविता राज, पंकज पुरोहित, अंकिता बटवाल, ममता टम्टा, अंजली सहित विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक एवं निर्णायक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन ब्लॉक सह-समन्वयक सुरेंद्र राणा ने किया।
