August 21, 2026

वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पोखरी पुलिस का अभियान, घर-घर पहुंचकर पूछ रही कुशलक्षेम

 

चमोली/पोखरी। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर थाना पोखरी पुलिस द्वारा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिसकर्मी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के घर-घर पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम पूछ रहे हैं और उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं।

पुलिस द्वारा बुजुर्गों के स्वास्थ्य, दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों तथा उनके साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार या आर्थिक शोषण की जानकारी ली जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को 112 एकीकृत आपातकालीन सेवा नंबर की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में इस नंबर के माध्यम से पुलिस, चिकित्सा और अग्निशमन सहायता प्राप्त की जा सकती है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए बुजुर्गों को जागरूक करते हुए अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, लिंक या ओटीपी साझा नहीं करने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड हो जाता है तो तत्काल 1930 पर कॉल कर इसकी सूचना दी जानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की आम जनता से अपील

पोखरी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वरिष्ठ नागरिकों के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें। अकेले रहने वाले बुजुर्गों का समय-समय पर कुशलक्षेम पूछें, उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार या आर्थिक शोषण होने की जानकारी मिलने पर उनकी सहायता करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें।

पुलिस का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए जन-जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल

error: Content is protected !!